लखनऊ

गौतमपल्ली क्षेत्र में मां–बेटे ने खाया जहरीला पदार्थ, प्लाट कब्जे के विवाद से जुड़ा मामला

लखनऊ। गौतमपल्ली थाना क्षेत्र में बुधवार को एक गंभीर घटना सामने आई, जहां मथुरा निवासी मां–बेटे ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना दोपहर करीब 11:30 बजे विक्रमादित्य मार्ग पर हुई। जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय मुनेश सिंह पत्नी स्वर्गीय राजवीर सिंह और उनका 38 वर्षीय बेटा बलजीत सिंह, निवासी एफ-49 राधारानी टाउनशिप, बरसाना मथुरा, सड़क पर अचानक गिर पड़े। दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। सूचना पर चौकी इंचार्ज बंदरिया बाग, उपनिरीक्षक आदित्य सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों उपचाराधीन हैं। प्राप्त प्राथमिक जानकारी के मुताबिक मथुरा में उनके प्लाट पर किसी व्यक्ति द्वारा कब्जा कर लिए जाने के विवाद को लेकर परेशान होकर दोनों ने यह कदम उठाया। गौतमपल्ली पुलिस ने मामले में मथुरा पुलिस से संपर्क स्थापित किया है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button