
लखनऊ। कमिश्नरेट लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान हालात तब बिगड़ गए जब मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर ही भीड़ ने ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इस घटना में पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस पर हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, बीट प्रभारी श्यामजी मिश्रा 12 अक्टूबर को शाम करीब 6 बजे कस्बा बंथरा में गश्त और चेकिंग में लगे थे। इसी दौरान रात करीब 8:17 बजे प्रभारी निरीक्षक द्वारा सूचना दी गई कि मोहल्ला अंबेडकर नगर, तिरुपति बालाजी मंदिर के पास दो पक्षों में मारपीट, गाली-गलौज और ईंट-पत्थरबाजी हो रही है। सूचना पर बीट प्रभारी श्यामजी मिश्रा उपनिरीक्षक बृजभान, अभय कुमार गुप्ता, रणवीर सिंह तथा अन्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने देखा कि कुछ लोग घायल अवस्था में पड़े हैं। जब घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजने का प्रयास किया गया, तभी करीब 40 से 50 लोगों (पुरुष व महिलाएं) ने एकजुट होकर पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। आरोप है कि भीड़ ने घायलों को अस्पताल ले जाने वाली गाड़ियों पर भी पथराव कर उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने किसी तरह स्थिति नियंत्रित करते हुए घायलों को सुरक्षित अस्पताल भेजा। इस घटना में पुलिस टीम पर हमले और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में थाना बंथरा में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के सात अभियुक्तों अंकित पुत्र अमृतलाल (22 वर्ष), निवासी ग्राम चिल्लावां, थाना सरोजनीनगर; सर्वेश उर्फ अंकुश पुत्र गंगा प्रसाद (22 वर्ष), निवासी वार्ड सं. 04, अंबेडकरनगर, बंथरा; रामप्रकाश पुत्र लक्ष्मण (52 वर्ष) और अखिलेश पुत्र रामप्रकाश (20 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम बंथरा। तुलसीराम पुत्र लक्ष्मण (48 वर्ष), अर्जुन गौतम पुत्र कल्लू (26 वर्ष) एवं युवराज गौतम पुत्र दिलीप कुमार (26 वर्ष), सभी निवासी ग्राम बंथरा। को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, फरार अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है और शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



