
लखनऊ। राजधानी के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में ऑटो और कार के मामूली टच होने पर विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट तक की नौबत आ गई। घटना में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिनी ने बताया कि दिनांक 12 नवंबर 2025 की रात करीब 10:30 बजे, उनके पति गोलू शर्मा अपनी ऑटो लेकर संजय गांधी मार्ग, गली नंबर 4 के पास पहुंचे थे। इस दौरान उनकी ऑटो श्याम गुप्ता नामक व्यक्ति की कार से हल्की टच हो गई। आरोप है कि इसी बात पर श्याम गुप्ता आग बबूला हो गया और गोलू शर्मा को ऑटो से खींचकर सड़क पर गिरा दिया। वह उनके सीने पर चढ़ गया और बेरहमी से मारने लगा। इसके बाद श्याम गुप्ता के पिता अनिल गुप्ता और एक अन्य युवक निखिल (टक्कल) भी मौके पर पहुंचे और मिलकर गोलू शर्मा की पिटाई की, जिससे उनके मुंह से खून निकलने लगा। प्रार्थिनी के अनुसार, आरोपियों ने उनके पति को भद्दी-भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। भयभीत होकर उन्होंने 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। कृष्णानगर थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर श्याम गुप्ता, अनिल गुप्ता और निखिल उर्फ टक्कल के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।



