
लखनऊ। दिल्ली ब्लास्ट की घटना के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी है और पुलिस फोर्स लगातार सक्रिय है। लखनऊ में भी सुरक्षा के मद्देनज़र पुराने शहर के संवेदनशील इलाकों में दोपहर से देर शाम तक फ्लैग मार्च किया गया।
DCP West विश्वजीत श्रीवास्तव और ADCP West धनंजय कुमार सिंह ने भारी पुलिस बल, पुलिस अधिकारियों और महिला पुलिस कर्मियों के साथ पैदल फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च में थाना पुलिस, पीएसी और स्पेशल फोर्स भी शामिल रही। इन इलाकों में दिखा पुलिस का दबदबा, फ्लैग मार्च पुराने लखनऊ के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले इलाकों, बड़े इमामबाड़ा, रूमी गेट, चौक, नक्खास, बल्लौचपुरा व तालकटोरा के बीच से होकर गुज़रा। इन सभी स्थानों पर पुलिस ने सतर्कता बढ़ाते हुए नागरिकों से संवाद भी किया। और संदिग्धों पर कड़ी नजर, तलाशी अभियान भी चला, फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों और संदिग्ध वस्तुओं की तलाशी ली। भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों और गलियों में विशेष चेकिंग की गई।
पुलिस ने जनता से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि अगर किसी को कोई भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या वस्तु दिखाई दे तो तुरंत 112 या नजदीकी थाना पुलिस को सूचना दें।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी पुलिस निगरानी बढ़ा चुकी है। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की गलत सूचना के माध्यम से माहौल खराब न होने पाए।
प्रदेश के मुख्यमंत्री और DGP ने सभी अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रूप से डटे रहने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग और इंटेलिजेंस अपडेट लेते रहने के निर्देश दिए है।



