
लखनऊ। राजधानी के टेढ़ी पुलिया चौराहे पर शनिवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां बदमाशों ने सीतापुर में तैनात विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी कोर्ट) के परिवार की कार को निशाना बनाया। आरोप है कि दो युवकों ने कार पर हमला कर बोनट और शीशा तोड़ दिया तथा गाली-गलौज करते हुए परिवार को धमकाया। जज की पत्नी ने घटना की रिपोर्ट विकास नगर पुलिस को दी है।
इंदिरा नगर निवासी ताहिरा सिद्दीकी के मुताबिक 8 नवंबर की रात करीब 11:15 बजे वह अपने पति मोहम्मद सफीक और दो बेटों समीर व शारिक के साथ छठा मील चौराहे से घर लौट रही थीं। रास्ते में तबीयत खराब होने पर उनके पति मर्सी अस्पताल (अलीगंज रोड) में दवा लेने के लिए उतरे। सफीक वर्तमान में सीतापुर में स्पेशल जज के पद पर तैनात हैं।
ताहिरा ने बताया कि अस्पताल से निकलने के बाद टेढ़ी पुलिया चौराहे पर उनकी कार के आगे एक स्विफ्ट डिजायर और पीछे काली स्कॉर्पियो आकर रुक गई। इसी दौरान स्कॉर्पियो ने डिजायर को हल्का टच कर दिया। उनकी कार से कोई टक्कर नहीं हुई, बावजूद इसके स्कॉर्पियो सवार दो युवक गुस्से में वाहन से उतरे। दोनों युवकों ने उनकी कार के बोनट और शीशे पर जोर-जोर से वार करना शुरू कर दिया। अभद्र भाषा में गालियां देते हुए परिवार को धमकाया। आरोप है कि युवक शीशा तोड़ते रहे और लगातार वाहन पर प्रहार करते रहे। ताहिरा के अनुसार—युवक बेहद आक्रामक थे। अगर हम कार से उतर जाते तो स्थिति और खतरनाक हो सकती थी। मैंने अपने बेटे से तुरंत कार मोड़कर वहां से निकलने को कहा और किसी तरह हम बचकर चले गए। घटना के बाद ताहिरा सिद्दीकी अपने गांव प्रतापगढ़ चली गईं, जहां एक परिवारिक कार्यक्रम के चलते 9 नवंबर तक रुकना पड़ा। लखनऊ लौटकर उन्होंने विकास नगर थाने में शिकायत दी। इंस्पेक्टर विकास नगर आलोक सिंह ने बताया कि घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।



