किन्नर को भी मिलेगी डिजिटल पाठशाला

ट्रांसजेंडर डिजिटल पाठशाला हेतु डिजिटल बोर्ड के लिए राज भवन की ओर से 2 लाख 10 हजार की सहायता राशि प्रदान की गई
लखनऊ। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को बस्ती जनपद में किन्नर पाठशाला हेतु डिजिटल बोर्ड का उद्घाटन तथा संस्था द्वारा संचालित किन्नर कल्याणार्थ योजनाओं का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर किन्नर समुदाय द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। राज्यपाल जी ने किन्नर समुदाय से संवेदनशीलता पूर्वक संवाद किया तथा उनकी समस्याओं को सुना। राज्यपाल जी ने 5 महानुभावों को स्वलिखित पुस्तक “चुनौतियाँ मुझे पसंद हैं” की स्वहस्ताक्षरित प्रतियां भेंट कीं। राजभवन की तरफ से स्कूली बच्चों को मिठाई, फल एवं उपहार वितरित किया गया। ट्रांसजेंडर डिजिटल पाठशाला हेतु डिजिटल बोर्ड के लिए राज भवन की ओर से 2 लाख 10 हजार की सहायता राशि प्रदान की गई।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें ट्रांसजेंडर समुदाय को आयुष्मान कार्ड का लाभ दे रही हैं तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि जो ट्रांसजेंडर शिक्षा में रुचि रखते हैं, उनके लिए सरकार द्वारा निःशुल्क अभ्युदय योजना संचालित की जा रही है, जिसका वे लाभ उठा सकते हैं। साथ ही जो व्यक्ति ब्यूटी पार्लर, सिलाई-कढ़ाई जैसे कार्यों में रुचि रखते हैं, उनके लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास भी प्रदान किए जाएंगे। राज्यपाल द्वारा इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए।
समारोह में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), समाज कल्याण, उत्तर प्रदेश, श्री असीम अरुण ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए इन्दिरा चैरिटेबल सोसायटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय कुमार पांडेय द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। उन्हें इस समुदाय के उत्थान के लिए समिति का सदस्य भी नामित किया गया है। उन्होंने बताया कि बस्ती में जल्द ही गरिमा गृह बनकर तैयार होगा। यह मा. राज्यपाल जी का सपना है कि प्रत्येक जनपद में गरिमा गृह की स्थापना हो। वर्तमान सरकार इस समुदाय के उत्थान हेतु उत्कृष्ट कार्य कर रही है, और अब यह समुदाय भी किसी क्षेत्र में पीछे नहीं रहेगा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चैहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अनेक अधिकारीगण सहित काजल, सानिया, कसिस एवं मुमताज किन्नर प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।



