घोसी में मिली जीत के बाद जोश से लबरेज दिखे अखिलेश यादव

लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घोसी उपचुनाव में जनता की जीत का अभिनंदन करते हुए इसे लोकतंत्र की विजय बताया है। उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव में आइएनडीआइए गठबंधन प्रत्याशी की जीत ने भाजपा का घमंड तोड़ने के साथ वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के परिणाम का भी संकेत दे दिया है।
अखिलेश बोले- ये हार भाजपा की उल्टी गिनती की शुरूआत
यह भाजपा की उल्टी गिनती की शुरूआत है। भारत ने आइएनडीआइए को जिताने की शुरुआत कर दी है। उत्तर प्रदेश एक बार फिर से देश में सत्ता के परिवर्तन का अगुआ बनेगा। सपा मुखिया ने कहा कि घोसी उपचुनाव की जीत सकारात्मक राजनीति की जीत और सांप्रदायिक नकारात्मक राजनीति की हार है।
भाजपा की तोड़फोड़ और समाज को बांटने वाली राजनीति को भी यह मुंहतोड़ जवाब है। भाजपा ने सत्ता के दुरुपयोग की भरसक कोशिश की पर जनता ने करारा जवाब देकर भाजपा प्रत्याशी को सबक सिखाया है। पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की धारा को आइएनडीआइए गठबंधन के साथ जोड़कर सामाजिक न्याय के लिए जातीय जनगणना की मांग करने वालों की भी जीत है।
जिला पंचायत उपचुनावों में जीत के लिए अखिलेश ने दी बधाई
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घोसी विधानसभा उपचुनाव के साथ-साथ जिला पंचायत उपचुनावों में पार्टी प्रत्याशियों की जीत पर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि लखनऊ, मीरजापुर, जालौन व बहेड़ी में सपा उम्मीदवारों की बड़ी जीत पर सभी मतदाताओं, विजयी प्रत्याशियों, सक्रिय नेताओं-पदाधिकारियों, ऊर्जावान कार्यकर्ताओं-साहसी बूथ रक्षकों को बधाई, धन्यवाद व शुभकामनाएं।
आइएनडीआइए ने एनडीए को हराया: संजय सिंह
घोसी विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा की हार पर आम आदमी पार्टी (आप) के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि आइएनडीआइए ने भाजपा नीत एनडीए को हरा दिया। आइएनडीआइए वाले जीते और अदाणी वाले हार गए। सपा ने यहां पर बड़े अंतर से जीत हासिल की। वहीं पश्चिम बंगाल में भी उपचुनाव में टीएमसी ने भाजपा की सीट छीन ली। संजय सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले ये परिणाम परिवर्तन का बड़ा संकेत है। उन्होंने इस जीत के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बधाई दी।



