
विरोध पर भाई-बहन और मां-पिता को जमकर पीटा
लखनऊ। निगोहा थाना क्षेत्र में दबंगों ने एक युवती से दुराचार का प्रयास किया। परिजनों के विरोध करने पर दबंगों ने युवती के भाई-बहन और माता-पिता को जमकर मारा पीटा। घटना 14 मार्च की है। पीड़िता परिवार के तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के बजाय हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर खानापूर्ति कर दी।
मिली जानकारी अनुसार निगोहा थाना क्षेत्र के पुरइया गांव में रहने वाली एक युवती से पड़ोस में रहने वाले उमेश बाजपेई, अमरेश बाजपेई, रमेश बाजपेई, अविनाश बाजपेई उर्फ पट्टू, संजय बाजपेई, धन्नजय बाजपेई, शुभम बाजपेई एवं चार पांच अज्ञात लोगों ने उसके घर में घुसकर उससे दुराचार का प्रयास किया। जब युवती की बड़ी बहन से इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी बहन और भाई की जमकर पिटाई कर दी। युवती के भाई के सिर पर कई टांगे लगे है। वहीं मारपीट के दौरान आरोपियों ने युवती की मां का हाथ तोड़ दिया और उसके पिता की पिटाई कर उसका दांत तोड़ दिया। जब आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी तो आरोपी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गये। पीड़िता परिवार का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जब पीड़ित परिवार न्याय की आश लिये कोर्ट पहुंचा तो कोर्ट द्वारा मांगे गये आख्या के आधार पर पुलिस ने आनन-फानन में आरोपियों के खिलाफ धारा 354, 324, 225, 452 आईपीसी की मुकदमें में बढ़ोत्तरी कर दी। फिलहाल पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों की पुलिस ने अभी तक गिरफ्तारी नहीं की है। जिसके कारण उनके परिवार को जान का खतरा बना हुआ है।



