
लखनऊ। दुब्बगा थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने एक महिला के घर पर बम से हमला कर दिया। महिला के घर को नुकसान पहुंचा है। महिला का आरोप है कि कुछ दिन पहले कुछ युवकों ने उसकी 11 वर्षीय बेटी के साथ छेड़छानी की थी। जिसका उसने विरोध किया था। विरोध के दौरान बदमाशों ने धमकी दी थी कि तुम्हारे घर को बम से उड़ा देंगे। जिसके बाद बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया।
घटना बिंद नगर गांव की है। जहां सुबह 3.30 बजे बेखौफ बदमाशों ने कील वाला बम फेंककर महिला की गृहस्थी को नुकसान पहुंचाया है। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। घटना की जानकारी महिला ने 112 नंबर पुलिस को दी। वहीं बम के तेज आवाज को आसपास के लोगों ने भी सुना है। जिसके बाद लोग बाहर निकल कर आए घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश वहां से भाग निकले। पुलिस सूत्रों की माने तो घटना को कारित करने वाले युवक महिला के परिचित हैं। इस संबंध में एसीपी काकोरी दिलीप सिंह का कहना है कि घटना तो घटी है, लेकिन बम से हमले की बात सही नहीं है। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए पटाखें का इस्तेमाल किया है। आसपास के लोगों की माने तो बदमाशों ने सुतली बम से हमला किया है। जिसके फटने के बाद ढेर सारी कील निकली है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है।



