मनबढ़ों ने नगर निगम के सुपरवाइजर को पीटा

लखनऊ। वृन्दावन कालोनी में कुछ बदमाशों ने नगर निगम के सुपरवाइजर को घेर कर पीट दिया। मारपीट के बाद उससे 70 हजार रुपये और मोबाइल फोन भी छीन लिया। उन्होंने मदद के लिये शोर मचाया तो आसपास के लोगों को जुटते देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीजीआई पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
वृन्दावन कालोनी निवासी सुपरवाइजर अनिल तिवारी रविवार दोपहर सामान लेने निकले थे। वह सेक्टर छह स्थित नेशनल डेयरी के पास पहुंचे तभी वहां कुछ लोग आ गए। इनमें शामिल रामटोला खरिका निवासी शनि व उसके साथियों ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर सबने उनकी पिटाई कर दी। फिर रुपये व मोबाइल छीन कर भाग निकले। पुलिस की मुताबिक, पड़ताल में दोनों पक्षों में पुराने विवाद की बात सामने आयी है। इसी विवाद को लेकर रविवार को भी दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी जो बाद में मारपीट तक पहुंच गई। इंस्पेक्टर का कहना है कि अनिल की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पीड़ित ने आरोपितों का नाम भी बताया है। इनकी तलाश की जा रही है। साथ ही लूटपाट की पुष्टि के लिये सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।



