अपराधलखनऊ

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में किया गया धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार

लखनऊ। काकोरी के बेहटा गांव निवासी प्रॉपर्टी डीलर धर्मेंद्र पाल (32) की मंगलवार के दिन गोली मारकर हत्या कर दी गयी। पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए बेहटा गांव लाया गया। जहां भारी पुलिस बल की मौजूदगी में धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार किया गया। इस सम्बंध में पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस का कहना है कि कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा।
बेहटा गांव के राम आसरे पाल का बेटा धर्मेंद्र पाल प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। वह गांव में ही प्लॉटिंग का काम करता था। इसके लिए उसने रुद्र प्रॉपर्टी के नाम से एक कार्यालय भी खोला था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार शाम को वह प्लाटिंग एरिया पर कार से गया था। चचेरे भाई पिंटू के मुताबिक शाम करीब 6.30 से 7 बजे के बीच वह मौके पर पहुंचा तो धर्मेंद्र कार के अंदर खून से लथपथ मिला। उसके गले में गोली लगी थी। कार का शीशा थोड़ा नीचे गिरा हुआ था। इस पर उसने घरवालों को सूचना दी तो धर्मेंद्र के चाचा खुशीराम पाल, पिता श्रीराम आसरे पाल, भाई सुशील व सुरेंद्र मौके पर पहुंचे। जिसके बाद धर्मेन्द्र को इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल ले गये, जहां से डाॅक्टरों ने इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां बीती रात 10.30 बजे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गयी। पुलिस ने कार व खून से सना तमंचा भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस इस सम्बंध में परिजनों की तहरीर के आधार पर विजय रावत, रिंकू रावत, अनुज यादव, लल्लू यादव सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर मामले की छानबीन कर रही है।
अंतिम संस्कार के दौरान गांव में मचा कोहराम
बुधवार की शाम के जब धर्मेंद्र का शव उसके गांव पहुंचा तो गांव में कोहराम मच गया। परिजनों में चीखपुकार मच गयी। परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की गम्भीरता को देखते हुए गांव में पीएसी सहित कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गयी थी। धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार भारी पुलिस बल की मौजूदगी में किया गया। डीसीसी शिवासिम्पी चनप्पा ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पांच टीमें लगायी गयी है। फोरेंसिक टीम से भी घटना के सम्बंध में मदद ली जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button