लखनऊ
सुल्तानपुर रोड पर अवैध प्लाटिंग पर एलडीए ने चलाया बुलडोजर

लगभग 52 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से किया जा रहा था भूखण्डों का विकास/निर्माण, प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने की गयी बड़ी कार्रवाई
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ. इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनियोजित रूप से विकसित की जा रही अवैध कालोनियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को मोहनलालगंज तहसील के अंतर्गत सुल्तानपुर रोड पर 52 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी। 

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी अमित राठौर ने बताया कि विशाल शुक्ला व इनके पिता महेन्द्र शुक्ला द्वारा मोहनलालगंज तहसील के अंतर्गत सुल्तानपुर रोड पर शारदा नहर के किनारे ग्राम भटवारा में लगभग 52 बीघा क्षेत्रफल में बिना तलपट मानचित्र स्वीकृत कराये भूखण्डों का विकास/निर्माण करते हुए गीता रेजीडेंसी नाम से अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-169/2019 योजित किया गया था। उक्त प्रकरण में विपक्षी न ही सुनवाई की तारीखों पर उपस्थित हुए और न ही उनके द्वारा कोई जवाब एवं साक्ष्य प्रस्तुत किया गया। पुनः स्थल का निरीक्षण किये जाने पर पाया गया कि विपक्षी द्वारा चोरी-छुपे सड़क एवं नाली का निर्माण आदि कार्य काफी तेजी से कराया जा रहा है, जिस पर विहित प्राधिकारी द्वारा ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गए थे। विपक्षी ने इस आदेश के विरूद्ध मण्डलायुक्त, लखनऊ न्यायालय मेें अपील की थी, जिसे न्यायालय द्वारा खारिज कर दिया गया। अपील निरस्त होने से विहित न्यायालय द्वारा पूर्व में पारित आदेश प्रभावी हो गये। उक्त आदेश के अनुपालन में आज सहायक अभियंता वाईपी सिंह, अवर अभियंता एनएन चौबे व मो0 उस्मान द्वारा गोसाईंगंज थाने की पुलिस एवं पीएसी बल के सहयोग से प्रश्नगत स्थल पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी। विपक्षी द्वारा प्रश्नगत स्थल पर सैकड़ों की संख्या में भूखण्ड सृजित करते हुए बाउंड्रीवाॅल, नाली, सड़क, भवन व कार्यालय आदि का निर्माण कराया गया था, जिसे बुलडोजर के माध्यम से ध्वस्त कर दिया गया।



