अपराधलखनऊ

व्यापारी को चौकी में बंधक बनाकर पीटने के मामले को लेकर व्यापारियों ने किया प्रदर्शन

लखनऊ। पारा कोतवाली की मोहान रोड चौकी पर अतिरिक्त महिला इंस्पेक्टर ने एक व्यापारी को बंधक बनाकर डण्डे से पीटा। उनके के ही आदेश पर सिपाहियों ने व्यापारी पर पट्टे भी चलाये। फिर छोड़ने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की। व्यापारी का कसूर बस इतना था कि वह महिला इंस्पेक्टर से अपने मामा को थाने पर बिठाए जाने की वजह पूछ बैठा था। व्यापारी की पिटाई की खबर से इलाकाई कारोबारी भड़क उठे और दोपहर बुद्धेश्वर चौराहे को जाम कर दिया। मौके पर पहुंची एडीसीपी मनीषा सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। जांच के लिए टीम बनाने के साथ छानबीन पूरी होने तक महिला इंस्पेक्टर को एसीपी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया।
आलमनगर के प्रभातपुरम निवासी अरुण शुक्ला (28) की ओम साईं राम ट्रेडर्स नाम की दुकान है। बुधवार शाम वह दुकान बंद कर पारा की आदर्श विहार कॉलोनी में मामा दिनेश शुक्ला की दुकान से सब्जी खरीद रहा था। इसी समय पारा कोतवाली की इंस्पेक्टर आरती सिंह भी वहां पहुंच गईं। उन्होंने ठेले के सामने खड़ी बाइक हटवाना शुरू कर दिया। इसका विरोध करने पर आरती ने वहां खड़ी सभी बाइक की फोटो खींच ली। फिर बुधवार शाम को मामा और अन्य दुकानदार को पकड़ कर मोहान रोड चौकी ले गई। अरुण का आरोप है कि वह मामा को चौकी ले जाने की वजह पूछने इंस्पेक्टर आरती सिंह के पास पहुंचे थे।अरुण का आरोप है कि मामा को चौकी लाने की वजह पूछने पर आरती भड़क उठीं और उसे पीटने लगी। उनके कहने पर दो सिपाहियों ने उसे डंडे और पट्टे से पीटा। उसकी पीठ, निचले हिस्से पर पिटाई से काले निशान पड़ गए हैं। पुलिस ने उन्हें छोड़ने के लिये 50 हजार रुपये भी मांगे। रुपये न देने पर शांतिभंग में कार्रवाई भी कर दी गई।गुरुवार सुबह छूटने के बाद अरुण ने शाम सभी को आपबीती बताई। इसका पता चलने पर बुद्धेश्वर विकास महासभा अध्यक्ष राजेश शुक्ला, बुद्धेश्वर व्यापार मण्डल अध्यक्ष पिंटू गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने चौराहे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। बवाल बढ़ने पर एडीसीपी दक्षिणी मनीषा सिंह और एसीपी काकोरी पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों को जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीड़ित को मेडिकल परीक्षण के लिये बलरामपुर अस्पताल भेजा गया। इसके बाद व्यापारियों ने प्रदर्शन खत्म किया। इस दौरान व्यापारियों ने विरोध स्वरूप पुलिस अफसरों को माला भी पहनाई। इस संबंध में एडीसीपी मनीषा सिंह का कहना है कि महिला इंस्पेक्टर को एसीपी काकोरी कार्यालय में संबंध कर दिया गया है। मामले की दो दिवसीय जांच सौंपी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button