उत्तर प्रदेश

डेंगू मरीजों की संख्या अधिक होने से बढ़ी चिंता, घरों में साफ-सफाई व मच्छरों से बचाव की अपील

कछौना, हरदोई। बेमौसम बारिश के बाद संचारी रोगों ने नगर में दस्तक दे दी है। मलेरिया, डेंगू, कालाजार, स्वाइन फ्लू, चिकनगुनिया के मरीज तेजी से मिल रहे हैं। नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में लगभग 1 दर्जन डेंगू से प्रभावित मरीज मिले हैं। डेंगू से प्रभावित मरीजों में रेलवेगंज पूर्वी निवासी नैतिक राठौर पुत्र बृजेश राठौर, सौभाग्य प्रधान पुत्र अरुण प्रधान, डॉ. मनीष शुक्ला की पत्नी ममता शुक्ला, कमलेश दीक्षित, रेलवेगंज पश्चिमी निवासी पूनम देवी पुत्री स्व. गयाप्रसाद, नवनीत कुमार पुत्र हरिपाल गाजू रोड कुकुही आदि हैं।

बीमारी का मुख्य कारण नगर में जलभराव है। प्रशासन ने संचारी रोग से बचाव के लिए जागरूकता की मुहिम व साफ-सफाई, फागिंग, एंटी लार्वा छिड़काव का कार्य स्वयं सेवी संस्थाओं व अन्य विभागों के माध्यम से शुरुआत कर दी जिससे कोई व्यक्ति समुचित इलाज के अभाव में प्रभावित न हो सके। टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। जागरूकता के पंपलेट भी वितरण किए जा रहे हैं।

प्रभारी अधीक्षक डॉ.किसलय बाजपेई ने संक्रामक बीमारी से बचाव के लिए लोगों को अपने घरों और आसपास के परिवेश को साफ रखने की सलाह दी है। घर में कहीं भी पानी एकत्र ना होने दें जिससे मच्छर न पनप सकें। बुखार आने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व स्वास्थ्यकर्ता को दिखाएं। सभी प्रकार की जांचें व दवाएं अस्पताल में उपलब्ध हैं। झोलाछाप डॉक्टरों की शरण में न जाएं, ये आपको गुमराह व गलत इलाज करके आपको आर्थिक नुकसान के साथ-साथ शारीरिक नुकसान भी पहुंचा सकते हैं।

वहीं ग्रामीण क्षेत्र में हालात काफी खराब हैं। सफाई कर्मी नियमित रूप से सफाई करने नहीं पहुंच रहे हैं। उन्हें ग्राम प्रधानों की कृपा प्राप्त है। वह लोग कागजों पर ही नौकरी कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला विकास खंड की ग्राम सभा का है जहां पर सफाईकर्मी सोनू कागजों पर ही नौकरी कर रहा है। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने उसे कभी गांव में सफाई कार्य करते नहीं देखा है। सैकड़ों सफाई कर्मी ग्राम प्रधानों व अधिकारियों के ड्राइवर, रसोइया, ब्लॉक में कंप्यूटर सहायक एवं अर्दली के रूप में सेवा दे रहे हैं, जिसका खामियाजा आमजनमानस को झेलना पड़ रहा है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता समिति का लाखों रुपए का बजट का बंदरबांट हो रहा है। नगर क्षेत्र में खाली पड़े प्लाटों व तालाबों में जलभराव, कूड़े के ढेर तेजी से बीमारियों को दवात दे रहे हैं।

अधिशाषी अधिकारी राम बदन यादव ने बताया कि संचारी रोग अभियान के तहत शीघ्र ही स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी कर्मी व नगर पंचायत प्रशासन द्वारा घर-घर जाकर लोगों को जागरूक व प्रभावित मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान चलाकर नियमित रूप से सफाई व जल निकासी के लिए कार्य का कार्य कराया जाएगा, जिसमें जागरूक नागरिकों से भागीदारी करने की अपील भी की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button