उत्तर प्रदेशलखनऊ

श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित, छह पुलिसकर्मी निलंबित

लखनऊ (गौतमबुद्धनगर) । नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी के लिए यूपी पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है। त्यागी को पकड़ने के लिए दो खुफिया टीमें भी लगाई गई हैं। उसके साथ ही साथ पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की पुलिस ने उन पर ₹25000 का इनाम की घोषणा की है। सरकार ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्यागी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पीड़िता की सुरक्षा की भी पुलिस ने उचित व्यवस्था की है। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रकरण का संज्ञान लेते हुए श्रीकांत त्यागी के बारे में पूरी रिपोर्ट तलब की है। यह भी जानकारी मांगी गई है कि त्यागी को पूर्व में पुलिस सुरक्षा किस आधार पर उपलब्ध कराई गई थी। सूत्रों की माने तो पुलिस को श्रीकांत त्यागी की लास्ट लोकेशन ऋषिकेश में देखी गई है।
नोएडा का मामला संज्ञान में आने के बाद सीएम योगी ने गृह विभाग और नोएडा कमिश्नरेट को श्रीकांत त्यागी की जल्द से जल्द से गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। सोमवार को नोएडा में त्यागी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई भी की गई है। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि नोएडा प्रकरण पर शासन और डीजीपी कार्यालय लगातार नजर रखे हुए है। उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह चौहान के निर्देश पर त्यागी गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम के साथ-साथ दो खुफिया टीमों का भी गठन किया गया है। इसके अलावा आरोपी के बारे में सूचना जुटाने के लिए ‘ह्यूमन’और ‘टेक्निकल’ इंटेलिजेंस की टीम भी लगाई गई है। पुलिस उसके बारे में इनपुट जुटा रही है। जल्द ही उसको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पहले ही नोएडा पुलिस ने 25 हजार का ईनाम घोषित कर रखा है। इससे पहले त्यागी के घर अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना फेज 2 के प्रभारी और घटना के बाद सोसाइटी में सुरक्षा में लगाए गए एक निरीक्षक व चार सिपाहियों को भी लापरवाही पर निलंबित कर दिया गया है। एडीजी ने बताया कि महिला की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पीड़िता को दो पीएसओ उपलब्ध कराए गए हैं। गृह विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि श्रीकांत त्यागी को मुहैया कराई गई सुरक्षा 2020 में वापस ली जा चुकी है।

Related Articles

Back to top button