गृह प्रवेश के दौरान हुए विवाद में युवक को मारी गोली, ट्रामा सेंटर में भर्ती

लखनऊ। राजधानी के पारा थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने एक व्यक्ति को गृह प्रवेश के दौरान आपसी विवाद में गोली मार दी। गोली युवक के जांघ में जा धंसी। जिसे इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में डॉक्टरों का कहना है कि युवक की जान खतरे से बाहर है।
मिली जानकारी अनुसार विक्रम मौर्य पुत्र स्वर्गीय लक्ष्मण मोर्य निवासी गायत्री पुरम थाना पारा के घर गृह प्रवेश का कार्यक्रम था। घर में आए सभी मेहमान खाना पीना खा रहे थे। इसी बीच दो अनजान व्यक्ति जिन्होंने अपना नाम अंकित और अमित बताया। अधिक नशे में हो कर गृह प्रवेश कार्यक्रम में आई महिलाओं से छेड़छाड़ और अभद्रता करने लगे। जब इसका विरोध किया गया तो वह मारपीट पर उतारू हो गए और गाली गलौज करने लगे। गृह प्रवेश में आए सभी लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने और उग्र होकर सभी को जान से मारने की धमकी देने। इसी बीच अमित ने तमंचा निकालकर विक्रम पर गोली चला दी। गोली विक्रम के बाएं घुटने के ऊपर जांघ में जा धंसी। गोली चलते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके से अंकित और अमित को अपनी गिरफ्त में ले लिया। वहीं घायल को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में इंस्पेक्टर दधिबल तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मौके क्या घटना घटी थी। घायल की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।



