अपराधलखनऊ

महिला की शिनाख्त करने में असफल साबित हो रही ठाकुरगंज पुलिस

लखनऊ। ठाकुरगंज इलाके में कूड़ा डंपिंग ग्राउंड के पास सोमवार दोपहर मिले महिला के अधजले शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला को जलाने से पहले नशीला पदार्थ दिया गया था। जिसके बाद उसे घटनास्थल पर जलाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण अस्पष्ट नहीं है। बिसरा सुरक्षित रखा गया है। वहीं इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं लेकिन 6 दिन बीतने के बाद भी महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
अब पुलिस ने दहेज हत्या और ऑनर किलिंग के बिंदु पर जांच शुरू कर दी है। साथ ही उसकी शिनाख्त के लिए मौजूदा समय में दस सिपाही और तीन दरोगा को लगाया गया है। जो उसके विषय में आसपास के इलाकों के साथ पड़ोसी जनपद में भी हुलिए के आधार पर पहचानने का प्रयास कर रहे हैं।
ठाकुरगंज इंस्पेक्टर हरिशंकर चंद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। संभवत: महिला को कोई जहरीला पदार्थ खिलाया गया होगा। उसके शरीर पर कोई संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम से पता चला है कि महिला की उम्र करीब 25 साल है और लंबाई 140 सेंटीमीटर है। अब इस आधार पर लापता महिलाओं की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके लिए थाने के तीन दरोगा और 10 सिपाहियों की टीम बनाई गई है। डीसीआरबी से लापता लोगों का डाटा मिलान कराया जा रहा है। आसपास के जिलों में भी इसकी शिनाख्त के लिए संपर्क किया जा रहा है। डीसीपी सोमेन वर्मा पूरे मामले की मानीटरिंग कर रहे हैं। उन्हें हर रोज प्रगति रिपोर्ट दी जा रही है।
इंस्पेक्टर के मुताबिक महिला के हाथ में चूड़िया और पैरों में पायल मिलने के कारण उसके विवाहित होने की संभावना है। ऐसे में महिला की उम्र को देखते हुए ऑनर किलिंग के बिंदु को भी नकारा नहीं जा सकता। इसके चलते दोनों बिंदुओं पर जांच चल रही है। शिनाख्त होते ही पूरे मामला का खुलासा हो जाएगा फिलहाल टीम ने दो दर्जन से ज्यादा सीसीटीवी की फुटेज खंगाली लेकिन सफलता नहीं मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button