राजेश्वर सिंह ने की जगह-जगह जनसभा, सपा को लिया आड़े हाथों

लखनऊ। सरोजनीनगर से भाजपा प्रत्याशी और पूर्व प्रवर्तन निदेशालय के संयुक्त निदेशक राजेश्वर सिंह ने ग्रामीण इलाकों में प्रचार प्रसार किया। गुरुवार को उन्होंने अपने समर्थकों के साथ कई जगहों पर जनसभाएं कीं। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। पूर्व ईडी अधिकारी रहे राजेश्वर सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि 2017 से पहले पांच साल तक सपा केवल तुष्टिकरण और वंशवाद की राजनीति करती रही। उन्होंने पूववर्ती सरकार पर घोटालों का भी आरोप लगाया। सरोजनीनगर के नेता शंकरी सिंह के साथ अन्य कई जाने माने चेहरे उनके साथ जनसम्पर्क में मौजूद रहे। उन्होंने बिजनौर, माती गांव, नटकुर, चन्द्रावल चौराहा, कुरौनी और भागूखेड़ा में प्रचार किया। उनका जगह जगह कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान राजेश्वर सिंह ने कहा कि जो अपनों का नहीं हुआ, वह और किसी का नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल का कार्य अपना खजाना भरना है। राजेश्वर ने भाजपा सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हर ओर विकास हो रहा है। नई सड़कें, नए एयरपोर्ट, नए एक्सप्रेसवे बन रहे हैं। तीन लाख करोड़ से अधिक धनराशि की फैक्ट्रियां लग चुकी हैं। डेढ़ लाख करोड़ के निवेश केलिए करार हो चुके हैं। नई फैक्ट्रियां आने से रोजगार बढ़ेगा। यूपी देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए शिव शंकर सिंह शंकरी ने कहा कि उन्होंने पांच वर्ष तक सपा में जी तोड़ मेहनत की लेकिन चुनाव के समय सपा प्रमुख ने उन्हें धोखा दे दिया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने पांच साल में केवल 18 हजार आवास दिये थे लेकिन भाजपा सरकार ने पांच साल के कार्यकाल में ही 45 लाख गरीबों को आवास की सुविधा दी है। जनसभाओं में राजेश कुमार सिंह, पवन सिंह, अनुज पाल, विवेक सिंह, अजीत शुक्ला, अकरम खान समेत कई लोग मौजूद रहे।



