लखनऊ

स्कूटी टकराने पर ई-रिक्शा ड्राइवर ने युवक को मारा चाकू

लखनऊ। गोमतीनगर में बुधवार रात ई-रिक्शा में युवक की स्कूटी टकरा गई। इस बात से नाराज ड्राइवर ने युवक को सरेराह पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित ने खुद को छुड़ाना चाहा। जिस पर ड्राइवर ने युवक की कमर के पास चाकू घोंप दिया। खून से लथपथ युवक के चिल्लाने की आवाज सुन कर राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े। आरोपी ड्राइवर को पकड़ कर पीटने के बाद पुलिस को सौंपा गया है।
विनयखंड स्थित दोपहिया वाहन शोरूम के मैनेजर आनंद सिंह रात आठ बजे करीब फोन ठीक करवाने के लिए पत्रकारपुरम बाजार की तरफ गए थे। चौराहे पर बीच सड़क में ई-रिक्शा खड़ा था। जिसमें आनंद सिंह की स्कूटी टकरा गई थी। इस बात को लेकर ई-रिक्शा ड्राइवर अनिल सिंह उग्र हो गया था। आरोपी ने स्कूटी टकराने की बात को लेकर हंगामा करते हुए आनंद सिंह से मारपीट की थी। विवाद बढ़ने पर अनिल ने रिक्शे से चाकू निकाल लिया था। ड्राइवर के हाथ में चाकू देख कर आनंद सिंह जान बचाने के लिए दौड़ पड़े थे। जिस पर अनिल सिंह ने पीछा करते हुए आनंद सिंह की कमर में चाकू मार दिया। कूल्हे के पास चाकू लगने से आनंद सिंह दर्द से बिलख पड़े। सरेराह युवक पर हमला होते देख राहगीर आरोपी को पकड़ने के लिए दौड़े। अनिल सिंह ने चाकू दिखा कर राहगीरों को पीछे हटने के लिए कहा और खुद भागने लगा। जिस पर कुछ युवकों ने पीछा करते हुए अनिल सिंह को दबोच लिया। गुस्साई भीड़ ने ई-रिक्शा ड्राइवर को बुरी तरह से पीट दिया। इस बीच पुलिस भी मौके पर आ गई। इंस्पेक्टर केके तिवारी के मुताबिक वारदात में अनिल के साथ तीन लोग और शामिल थे। जिनकी पहचान पुलिस ने कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, घायल आनंद सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराते हुए परिवार को सूचना दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button