ट्रांसफर कराने के नाम पर शिक्षिका से रंगदारी मांगी

लखनऊ। एसएसबी के सेनानायक की पत्नी (शिक्षिका) से रंगदारी मांगने वालों के खिलाफ आशियाना थाना में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। शिक्षिका ने तबादला कराने के नाम पर नौ लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी। शिक्षिका की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोपी एक मंत्री से सम्पर्क होने का दावा भी किया था। मानसरोवर योजना निवासी शिक्षिका मोहनलालगंज स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात हैं। उनके पति बिहार एसएसबी में सेनानायक हैं। शिक्षिका पूर्व में सीतापुर जनपद में तैनात थी। जहां से उनका तबादला नियमों के मुताबिक हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि बीते कुछ महीनों से उन्हें रविशंकर फोन कर नौ लाख रुपये देने के लिए कह रहा है। उसने रंगदारी मांगते हुए शिक्षिका की कॉल रिकार्डिंग और फोटो होने का दावा भी किया है। रविशंकर खुद को एक समाचार पत्र से जुड़ा होने का दावा भी करता है। इंस्पेक्टर आशियाना दीपक पाण्डेय के मुताबिक पीड़िता की तहरीर पर मड़ियांव भरतनगर निवासी रविशंकर के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, धमकी देने और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।



