सचिवालय और रेलवे के रिटायर्डकर्मियों से निवेश के नाम पर ठगी, 62 लोगों को बनाया शिकार

गोमतीनगर, हजरतगंज, हुसैनगंज और कृष्णानगर कोतवाली में दर्ज हुए मुकदमे
लखनऊ। प्लाट दिलाने और निवेश के नाम पर अधिक मुनाफा देने का झांसा देकर जालसाजों ने सिपाही समेत करीब 62 लोगों से 1.72 करोड़ से अधिक रुपये ठग लिए। पीडि़तों ने गोमतीनगर, हजरतगंज, हुसैनगंज और कृष्णानगर कोतवाली में जालसाजों और उनकी कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। गोमतीनगर कोतवाली में तैनात सिपाही सत्येंद्र तिवारी को गोंडा में प्लाट दिलाने का झांसा देकर दो लाख रुपये ठग लिए गए।
इंस्पेक्टर केके तिवारी के मुताबिक सिपाही का कुछ माह पहले उनके गोंडा निवासी राकेश से संपर्क हुआ। राकेश ने उन्हें प्लाट दिलाने का आश्वासन दिया था। कई किस्तों में सिपाही ने राकेश को दो लाख रुपये दिए। राकेश ने बीते अक्टूबर माह में तीन बिसवा का प्लाट रजिस्ट्री कराने के लिए कहा था। सिपाही सत्येंद्र गोंडा गए तो पता चला कि प्लाट डेढ़ बिसवा का है। विरोध किया और रुपयों की मांग की। राकेश ने कुछ समय मांगा। काफी समय बीत गया पर उसने रुपये नहीं दिए। टाल मटोल करता रहा। इसके बाद सिपाही सत्येंद्र की तहरीर पर राकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। राकेश अब पंचकुला हरियाणा में रहता है। वहीं, सचिवालय सुरक्षा में तैनात प्रदीप को जमीन दिलाने का झांसा देकर ोनोबल इंफ्रा के निदेशक ने 18 लाख रुपये ऐंठ लिए। इसका मुकदमा हजरतगंज कोतवाली में दर्ज किया गया है।
इंस्पेक्टर के मुताबिक प्रदीप कुमार राजाजीपुरम के रहने वाले हैं। प्लाट खरीदने के संबंध में प्रदीप का संपर्क नोबल इंफ्रा कंपनी के निदेशक अरविंद साहू से हुआ। अरविंद को प्रदीप ने 18 लाख रुपये का भुगतान किया। इसके बाद भी प्लाट की रजिस्ट्री अरविंद ने नहीं कराई। प्रदीप ने बताया कि दबाव बनाने पर टाल मटोल करने लगे। विरोध पर धमकी दी। इसके बाद अरविंद के खिलाफ प्रदीप ने मुकदमा दर्ज कराया। निवेश के नाम पर 60 लोगों से डेढ़ करोड़ की ठगी : सचिवालय और रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मियों को स्टाक ट्रेडिंग फर्म में निवेश कराने और 60 फीसद मुनाफे का लालच देकर जालसाजों ने 60 लोगों से डेढ़ करोड़ की ठगी कर ली। इंस्पेक्टर हुसैनगंज के मुताबिक छितवापुर में रहने वाले मो. अहमद का कुछ माह पहले कल्याणपुर के मो. अदीब के माध्यम से स्टाक ट्रेडिंग और सेफटैग फर्म के संंचालक कामरान सिद्दीकी और मेराजुल हसन से हुई। मो. अहमद के मुताबिक दोनों ने अहमद को निवेश की कई स्कीम बताई और 60 फीसद ब्याज का झांसा दिया। अहमद ने बताया कि उन्होंने और उनके कई अन्य परिचितों समेत करीब 60 लोगों ने डेढ़ करोड़ रुपये का निवेश किया। तय समय के बाद भी किसी को मुनाफे की रकम नहीं मिली। विरोध पर निवेशकों को धमकी दी। डीसीपी के आदेश पर पीडि़त की तहरीर पर अदीब, मो. कामरान सिद्दीकी और मेराजुल हसन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
डिस्टीब्यूटरशिप देने के नाम पर व्यपारी से कृष्णानगर में ठगी
सोलर पैनल का व्यवसाय करने वाली सन माइक्रो फर्म की डिस्टीब्यूटरशिप देने के नाम पर कृष्णानगर में रहने वाले प्रशांत कुमार से ढाई लाख रुपये ठग लिए। पीडि़त की तहरीर पर कृष्णानगर कोतवाली में फर्म के बिजनेस हेड सौरभ शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



