स्टार हास्पिटल में लगी आग, अवैध रूप से चल रहा था अस्पताल

हरदोई रोड स्थित स्टार हास्पिटल में हादसा, मरीज को कराया शिफ्ट, धमाकों के साथ फटे एसी और टीवी
लखनऊ। ठाकुरगंज इलाके के तहसीनगंज में बेसमेंट में अवैध रूप से चल रहे स्टार हास्पिटल में रविवार तडक़े आग लग गई। देखते-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तपिश से हास्पिटल में लगे एसी और टीवी धमाके के साथ फट गए। अस्पताल में इस दौरान एक मरीज था जिसे आनन फानन अन्य अस्पताल में शिफ्ट कराया गया। घटना से अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने तीन गाडिय़ों की मदद से डेढ़ घंटे की मशक्कत के आग पर काबू पाया।
रविवार तडक़े हास्पिटल के बेसमेंट में शार्ट सर्किट से आग लग गई। धुआं और आग की लपटें निकलती देख अफरा-तफरी मच गई। गार्ड और कर्मचारियों ने पानी फेंककर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग बेकाबू होते देख दमकल को सूचना दी। इसके अलावा अस्पताल में भर्ती बलरामपुर निवासी 12 वर्षीय तौसीफ को कर्मचारियों ने आनन फानन निकाला। इसके बाद उसे ठीक ऊपर स्थित दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कराया। इस बीच आग की तपिश से एसी और टीवी धमाके के साथ फट गए। अफरा-तफरी मच गई। दमकल कर्मी पहुंचे। दमकल कर्मियों ने तीन गाडिय़ों की मदद से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। एफएसओ चौक आरके यादव ने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया था। कोई हताहत नहीं हुआ है। अस्पताल में फायर सुरक्षा के बंदोबस्त नहीं थे। अस्पताल मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



