उत्तर प्रदेश

तरबगंज थाना क्षेत्र में दबंगों ने की दलित गर्भवती महिला की पिटाई,गर्भस्थ शिशु की हुई मौत

( पुलिस पर पीड़ित को थाने से भगाने का आरोप)
गोंडा।
जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र अन्तर्गत गांव में दबंगों ने एक गर्भवती दलित महिला की जमकर पिटाई कर दी जिससे उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मृत्यु हो गई। वहीं महिला की हालत गंभीर बताई जाती है जिसे महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसमें पीड़ित का आरोप है कि तरबगंज थाने गए तो पुलिस ने पीड़ित महिला को थाने से ही भगा दिया,जिससे पीड़ित ने कप्तान से गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला तरबगंज थाना क्षेत्र के किंधौरा घमंड पुरवा गांव का है, यहां की निवासिनी कुशमा पत्नी राकेश कुमार उम्र करीब 30 वर्ष को भूमि विवाद को लेकर कुछ दबंगो ने इतना पीटा कि उसके गर्भ में पल रहे करीब सात माह के नवजात शिशु की मौत हो गई तथा महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं तरबगंज थाने की पुलिस ने पीड़ित को थाने से यह कहकर भगा दिया कि क्या उसे फांसी दे दें। पीड़ित राकेश कुमार ने बताया कि उस की पुश्तैनी भूमि है जिस पर पुराना मकान बना था,जिसे गिरवा कर मकान का निर्माण करा रहे थे। जिससे गांव के कुछ दबंग लोग जबरदस्ती उक्त जमीन पर कब्जा करना चाहते थे। उसने बताया कि वह बाहर मजदूरी करता है। उसकी पत्नी बच्चों के साथ अकेली गांव पर रहती है। ज़मीन को लेकर ही दबंगो ने उसके पत्नी को घर मे घुसकर लाठी डंडा से जमकर पिटाई कर दिया। जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। पत्नी को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए तो वहां के डॉक्टर ने बताया कि पेट मे बच्चे की मौत हो गई है और महिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां महिला अस्पताल में पत्नी ने मरे हुऐ बच्चे को जन्म दिया है। राकेश कुमार ने बताया कि तरबगंज की पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो मजबूर होकर पुलिस अधीक्षक से गुहार लगा कर मुकदमा लिखाने की मांग की है। फिलहाल पत्नी कुशमा जिला महिला अस्पताल में भर्ती है। उक्त संबंध में थानाध्यक्ष के नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

Related Articles

Back to top button