लखनऊ

सेक्सटार्शन का शिकार हुआ रिटायर अफसर

आपत्तिजनक वीडियो भेज बुजुर्ग से 22 लाख ऐंठे
यूट्यूब कर्मी होने का किया था दावा

लखनऊ। सेक्सटार्शन गिरोह के सदस्यों ने एक रिटायर अधिकारी को निशाना बनाते हुए 22 लाख रुपये वसूल लिए। आरोपियों ने बुजुर्ग को पहले अंजान नम्बरों से मैसेज भेजे। फिर एक महिला की आपत्तिजनक वीडियो बुजुर्ग के नम्बर पर भेजी गई। इसके बाद रिटायर अधिकारी को अन्जान नम्बर से कॉल आने लगे। फोन करने वालों ने एक महिला का आपत्तिजनक वीडियो बुजुर्ग के मोबाइल नम्बर से सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर मौजूद होने की बात कहते हुए मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। बुजुर्ग को झांसे में फंसाने के बाद उनसे करीब 22 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। लाखों रुपये गंवाने के बाद पीड़ित ने गोमतीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
30 अगस्त को मोबाइल पर आया था कॉल
गोमतीनगर निवासी बुजुर्ग के मुताबिक 30 अगस्त को उनका मोबाइल पर एक कॉल आई थी। इसके बाद उनका फोन हैक कर लिया गया था। पीड़ित के मुताबिक जालसाजों ने वृद्ध के मोबाइल नम्बर पर एक आपत्तिजन वीडियो भेजी थी। जिसे उन्होंने गलती से खोल दिया था। गंदी वीडियो होने के कारण बुजुर्ग ने तत्काल उसे बंद कर दिया था। लेकिन वीडियो खोलने के चंद मिनट बाद ही उनके पास अन्जान नम्बर से फोन आ गया। कॉल करने वाले ने संजय सिंह के तौर पर परिचय देते हुए यूट्यूब कर्मी होने का दावा किया था। आरोपी ने बुजुर्ग से कहा कि आपके मोबाइल पर महिला का आपत्तिजनक वीडियो है। जिसे आपने देखने के साथ ही सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। ऐसे में आपके खिलाफी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बुजुर्ग ने संजय सिंह को बताया कि उनका मोबाइल हैक कर वीडियो भेजा गया है। उन्होंने सोशल मीडिया में कोई वीडियो अपलोड नहीं किया है, लेकिन संजय उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हुआ। उसने यूट्यूब पर अपलोड वीडियो हटाने के बदले दो लाख रुपये देने के लिए कहा। अपनी इज्जत बचाने के लिए बुजुर्ग ने बताए गए खाते में दो लाख रुपये जमा कर दिए। उसके बाद भी उन्हें अलग-अलग नम्बरों से फोन कर धमकी एवं पैसे की मांग की जाती रही।
साइबर क्राइम सेल का अधिकारी बताकर धमकाया
संजय सिंह ने दो लाख रुपये ऐंठने के बाद बुजुर्ग का मोबाइल नम्बर गिरोह के दूसरे लोगों को दे दिया था। बुजुर्ग के अनुसार संजय के बाद उन्हें नितिन जैन नाम के व्यक्ति ने फोन किया था। जो साइबर क्राइम सेल में तैनात होने का दावा कर रहा था। नितिन ने भी बुजुर्ग के मोबाइल नम्बर से आपत्तिजनक वीडियो अपलोड किए जाने की बात कही। नितिन के साथ ही लखवीर सिंह नाम का व्यक्ति भी था। इन दोनों ने मुकदमा खारिज करवाने की और वीडियो डिलीट करने की बात कहते हुए 20 लाख रुपये देने का दबाव बनाया। बुजुर्ग ने एकमुश्त इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई। जिस पर ठगों ने उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही। मुकदमे में फंसने और प्रतिष्ठा खोने के डर से बुजुर्ग ने बताए गए खातों में 20 लाख रुपये भी कई किस्तों में जमा कर दिए। रुपये देने के बावजूद भी ठग रुपये की मांग करते रहे। 22 लाख रुपये गवां चुके बुजुर्ग बुरी तरह से परेशान हो चुके थे। लगातार फोन पर मिल रही धमकियों की वजह से उनकी तबियत भी बिगड़ गई थी। ऐसे में पीड़ित ने डीसीपी पूर्वी से मिल कर उन्हें घटना की जानकारी दी। जिनके निर्देश पर गोमतीनगर थाने में संजय सिंह, लखवीर और नितिन जैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित से आरोपियों के मोबाइल नम्बर भी मिले है। जिन्हें सर्विलांस पर लेकर छानबीन की जा रही है।

Related Articles

Back to top button