लखनऊ

गाजीपुर के बस्तौली गांव में 3 साल की मासूम को लगी गोली, ट्रॉमा सेंटर में ऑपरेशन कर निकाली गई गोली

लखनऊ। गाजीपुर थाना क्षेत्र के बस्तौली गांव में छत पर खेल रही तीन वर्षीय मासूम के सिर में गोली लगने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बच्ची का ट्रॉमा सेंटर में ऑपरेशन कर सिर से गोली निकाल दी गई है, फिलहाल उसका इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस संबंध में दिनांक 18 दिसंबर 2025 को वादी श्री रमेश पुत्र स्व. किशोरी लाल, निवासी ए-1440 के सामने, बस्तौली गांव, थाना गाजीपुर द्वारा थाने में लिखित सूचना दी गई। वादी के अनुसार 16 दिसंबर 2025 को सायं लगभग 4 बजे उनकी पुत्री लक्ष्मी (उम्र लगभग 3 वर्ष) अपने घर की छत पर बने टीन शेड के नीचे सौभाग्या (8 वर्ष) और हिमांश (7 वर्ष) के साथ खेल रही थी। इसी दौरान अचानक तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद बच्ची के सिर से खून निकलने लगा। परिजन बच्ची को तत्काल मेघना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसके सिर पर टांके लगाए गए। रात में तबीयत बिगड़ने पर बच्ची को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के दौरान उसके सिर में गोली लगने की पुष्टि हुई। अस्पताल में बेड उपलब्ध न होने के कारण बच्ची को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। ट्रॉमा सेंटर में सिटी स्कैन के बाद ऑपरेशन कर बच्ची के सिर से गोली निकाल दी गई। वर्तमान में बच्ची का इलाज चिकित्सकों की निगरानी में जारी है। पुलिस के अनुसार, प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना गाजीपुर में मुकदमा संख्या 426/2025 धारा 109(1) बीएनएस के तहत अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध पंजीकृत कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button