उत्तर प्रदेश
एटा में डीजे पर नाचते दूल्हे के भाई की मौत
एटा। एटा के सकीट में भाई की शादी की खुशी में डीजे पर नाच रहे युवक की जान चली गई। वो दूल्हे का छोटा भाई था। हृदयगति से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। गांव मुबारिकपुर सराय निवासी विशेष कुमार पुत्र धर्मेन्द्र कुमार की गुरूवार को जिला मैनपुरी थाना भोगांव के गांव तदारी में बारात जानी थी।
इससे पूर्व बुधवार को यानी मंडप वाले दिन दावत हो रही थी। खुशी के माहौल में डीजे भी लगवाया गया था। भाई की शादी की खुशी में डीजे पर दूल्हा का छोटा भाई सुधीर (15) नाच रहा था।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 11 बजे डीजे पर नाचते समय भाई सुधीर अचेत होकर गिर पड़ा। परिवारीजन तत्काल मेडीकल कॉलेज लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घरवालों को आशंका है कि सुधीर की मौत हृदयगति रुकने के कारण हुई है। ग्राम प्रधान सचिन वर्मा ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे भाई विशेष कुमार की शादी की खुशी में इनका छोटा भाई सुधीर डीजे पर नाच रहा था। अचानक अचेत होकर जमीन पर गिर गया। परिवारीजन मेडीकल कॉलेज लेकर गए, जहां डॉक्टर उसे मृत घोषित कर दिया। खुशी का माहौल गमगीन हो गया। घरवालों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।